

रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ती खष्टी बिष्ट ने पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का संदेश देते हुए पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने तेजपत्ता सहित विभिन्न उपयोगी वृक्षों का रोपण कर लोगों से पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
खष्टी बिष्ट ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 5 जून को पूरा विश्व पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने तथा अपने आसपास के परिवेश को हरा-भरा बनाने का संकल्प लेता है, लेकिन समय बीतने के साथ अधिकांश लोग अपने संकल्प को भूल जाते हैं। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बढ़ता प्रदूषण, अनियंत्रित विकास और लोगों की बदलती जीवनशैली पर्यावरण क्षरण का प्रमुख कारण बन रही है।
उन्होंने बताया कि वह प्रतिवर्ष विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण करती हैं और केवल पौधे लगाने तक ही सीमित नहीं रहतीं, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी निभाती हैं। इसी का परिणाम है कि उनके आवासीय परिसर में बांज, देवदार, तेजपत्ता और उतीस जैसे वृक्षों का हरित आवरण विकसित हो चुका है।
इस अवसर पर खष्टी बिष्ट ने कहा कि “पर्यावरण है तो जीवन है। पर्यावरण के बिना पृथ्वी पर जीवन की कल्पना संभव नहीं है।” उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा पर्यावरण प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर मुद्दों के प्रति जागरूक होने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सामूहिक प्रयासों से ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
