
देवभूमि की मर्यादा भंग करने वालों और यात्रा मार्ग पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ चमोली पुलिस का सख्त तेवर जारी है। चमोली एसपी ने कार के अंदर सवार तेजी म्यूजिक चलाकर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ एक्शन लिया है।
यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले पर्यटकों पर एक्शन
शनिवार को चमोली एसपी सुरजीत सिंह पंवार जब चारधाम यात्रा की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए क्षेत्र का भ्रमण कर रहे थे, तभी पीपलकोटी के पास एक कार हरियाणा नंबर की कार नो-पार्किंग जोन में खड़ी दिखाई दी। कार के अंदर सवार युवक न केवल यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे थे, बल्कि कान फाड़ देने वाले म्यूजिक के साथ जोर-जोर से हुड़दंग मचाकर माहौल खराब कर रहे थे।
हुड़दंगियों का वाहन सीज
एसपी चमोली ने मामले का तुरंत संज्ञान लिया और कोतवाली चमोली को एक्शन के निर्देश दिए। पुलिस ने मौके पर हुड़दंग काट रहे हरियाणा निवासी 5 युवकों को गिरफ्तार कर चालानी कार्रवाई करते हुए उनके वाहन को भी मौके पर सीज कर दिया गया है।
देवभूमि में हुड़दंग स्वीकार्य नहीं: पुलिस
चमोली पुलिस का स्पष्ट संदेश कि “देवभूमि में आपका स्वागत है, लेकिन हुड़दंग कतई स्वीकार्य नहीं है।” चारधाम यात्रा मार्ग पर शांति भंग करने वालों और ट्रैफिक नियमों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस की यह ‘स्ट्राइक’ आगे भी जारी रहेगी।
