
देहरादून नगर निगम की बोर्ड बैठक में मेयर सौरभ थपलियाल द्वारा किन्नर समाज को बधाई राशि के रूप में अधिकतम 5,100 रुपए देने के फैसले ने अब नया मोड़ ले लिया है। एक तरफ जहां रजनी रावत गुट ने खुलकर मेयर के इस फैसले का विरोध किया था। वहीं दूसरी तरफ करिश्मा गुट ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे सम्मान और अधिकारों की दिशा में बड़ा कदम बताया है।
स्थानीय किन्नरों ने किया मेयर के फैसले का स्वागत
देहरादून नगर निगम की बोर्ड बैठक में मेयर द्वारा किन्नर समाज को बधाई राशि के रूप में 5,100 रुपए देने का जो फैसला लिया गया था, उसे अब स्थानीय किन्नर समाज के एक गुट का समर्थन मिल गया है। इस फैसले से करिश्मा गुट में खुशी का माहौल देखने को मिला। स्थानीय किन्नर समाज के लोगों ने पत्रकार वार्ता कर कहा कि मेयर द्वारा लिया गया यह निर्णय उनके सम्मान और अधिकारों को ध्यान में रखते हुए किया गया है, और वे इस फैसले से पूरी तरह संतुष्ट हैं।
राज्य मंत्री रजनी रावत दे चुकी है HC जाने की चेतावनी
किन्नर समाज के भीतर इस मुद्दे पर अब साफ गुटबाजी देखने को मिल रही है। एक धड़ा मेयर के इस फैसले से खुश है तो दूसरा इसे अनुचित बताकर विरोध कर रहा है। समर्थक गुट का कहना है कि यह निर्णय समाज को मुख्यधारा में सम्मान दिलाने की पहल है, जबकि विरोधी गुट इसे राजनीतिक दिखावा बता रहा है। मामले ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। राज्य मंत्री रजनी रावत ने कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि अगर मेयर सौरभ थपलियाल इस फैसले को वापस नहीं लेते, तो वे इस मुद्दे को नैनीताल हाईकोर्ट तक ले जाएंगी।
