Gurmeet singh chandhok

नैनीताल में घूमने आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतक के भाई ने युवक के साथ मौजूद रहे तीन दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा निवासी दीपक उपाध्याय बीते बुधवार को नैनीताल घूमने आया था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। परिजनों और पुलिस द्वारा लगातार तलाश के बावजूद शुरुआती चार दिनों तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
बताया जा रहा है कि दीपक आखिरी बार तल्लीताल रोडवेज स्टेशन क्षेत्र में देखा गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्च अभियान चलाया। साथ ही, युवक के साथ आए तीन दोस्तों से भी सख्ती से पूछताछ की गई।
सोमवार को मामले में उस वक्त नया मोड़ आ गया, जब टूटा पहाड़ क्षेत्र में युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में आक्रोश फैल गया।
परिजनों का आरोप है कि दीपक की गुमशुदगी और फिर इस तरह शव का मिलना साफ तौर पर हत्या की ओर इशारा करता है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष मनोज नयाल के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है। उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल, पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर एंगल से जांच कर रही है।
