
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को किच्छा में351 करोड़ की लागत से 280 बेड का निर्माणाधीन सैटेलाइट एम्स का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रमिकों की संख्या और उपकरण बढ़ाते हुए कार्याे को त्वरित गति से आगामी जुलाई माह तक चिकित्सालय का कार्य पूर्ण करने के निर्देश CPWD के अभियन्ता को दिये।
CS ने किया किच्छा में बन रहे सैटेलाइट एम्स का निरीक्षण
सीएस ने कहा कि चिकित्सालय भवनों के निर्माण कार्य को प्राथमिकता से करें ताकि अगस्त महीने से ओपीडी प्रारम्भ की जा सके। अभियंता सी पी डब्लू डी उत्पल त्रिपाठी ने बताया कि चिकित्सालय का कार्य 30 जुलाई तक पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आवासीय भवनों का कार्य 85 प्रतिशत से अधिक हो गया है और शेष कार्य मई तक पूरा कर लिया जाएगा।
मई तक पूरा होगी चिकित्सालय की सड़कें
अभियंता ने बताया चिकित्सालय की सड़कों को भी मई तक पूरा कर लिया जायेगा तथा प्लांटेशन का कार्य जून में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एम्स में 250 बेड, 10 ओटी, 30 आईसीयू बेड, डायग्नोसिस एंड लेब, कार्डियोलोजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलोजी, न्यूरोलॉजी, जनरल सर्जरी, आर्थाे, जनरल मेडिसिन, पेडियाट्रिक, इमरजेंसी एंड ट्रॉमा सेंटर बनाए जा रहे हैं। चिकित्सालय में सराय व शॉपिंग कॉम्पलेक्स भी बनाएं जा रहे हैं।
अगस्त से OPD की तैयारी
निदेशक एम्स ऋषिकेश प्रोफेसर मीनू सिंह ने बताया कि चिकित्सालय कार्य पूरा कर जुलाई में हस्तगत होता है तो अगस्त से ओपीडी प्रारम्भ कर दी जाएगी। अधीक्षण अभियंता सिंचाई ने बताया कि एम्स के हाईवे साइड तीन एप्रोच गेट है जहां जुलाई से पूर्व नाला निर्माण कर एप्रोच पुलिया बना दी जायेगी।
