
राजधानी देहरादून से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। राजनीति से ब्रेक के ऐलान के पोस्ट के बाद शुरू हुए घमासान के बीच पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत प्रीतम सिंह के आवास पहुंचे। बता दें दोनों नेताओं की ये मुलाकात प्रदेश प्रभारी के दौरे से ठीक पहले हुई। जिसके कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।
हरदा ने किया था राजनीति से कुछ दिनों के ब्रेक का ऐलान
हरीश रावत ने बीते दिनों पहले सोशल मीडिया पर राजनीति से कुछ दिनों के ब्रेक का ऐलान किया था। जिसके बाद से ही उत्तराखंड कांग्रेस दो धड़ों में नजर आई। मामला इतना गरमा गया कि कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने हरदा के राजनीतिक सन्यास पर चुटकी ले डाली। जिसके बाद धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने खुलकर हरक सिंह रावत पर निशाना साधा।
विधायक ने कह दी थी सामूहिक इस्तीफे की बात
हरीश धामी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर 2016 के राजनीतिक घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि हरक सिंह रावत वही नेता हैं, जिन्होंने उस समय कांग्रेस के कुछ विधायकों को बीजेपी में शामिल कराकर सरकार को अस्थिर करने में भूमिका निभाई थी, देवभूमि में दलबदल का महापाप किया था। वो नेता दोबारा पार्टी के साथ विश्वासघात कर सकता है। यही नहीं धामी ने हरक को बीजीपी का एजेंट बताते हुई हरदा के समर्थकों से सामूहिक इस्तीफे तक की बात कह दी।
हरीश रावत और प्रीतम सिंह की मुलाकात से कांग्रेस में बढ़ी हलचल
कांग्रेस में मचे इस बवाल के बीच मंगलवार को हरीश रावत चकराता विधायक प्रीतम सिंह के आवास पर पहुंचे। इस दौरान दोनों के बीच अवकाश के ऐलान को लेकर चर्चा हुई। बता दें बुधवार यानी कल प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा उत्तराखंड दौरे पर आ रहीं हैं। इससे ठीक पहले दोनों नेताओं की इस मुलाकात के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।
