
हरिद्वार में सड़क के बीचों-बीच अचानक चलती कार आग का गोला बन गई। घटना मंगलवार की है। भगवानपुर एक्सप्रेसवे पर एक चलती कार में आग लग गई। देखते ही देखते मौके पर चीख पुकार मचने लगी।
भगवानपुर एक्सप्रेसवे पर चलती कार में लगी आग
मामला भगवानपुर थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा एक्सप्रेसवे के पास का है। जहां बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के रहने वाले इल्तिज़ा अपनी कार से दवाएं लेने के लिए सहारनपुर की ओर जा रहे थे। सफर सामान्य था, लेकिन तभी अचानक गाड़ी के बोनट से हल्का धुआं निकलने लगा। इससे पहले कि इल्तिज़ा कुछ समझ पाते, चंद सेकेंड्स के भीतर कार के अगले हिस्से से आग की भीषण लपटें उठने लगीं।
कार से कूदा चालक
मौत को सामने देख चालक ने सूझबूझ दिखाई और चलती कार को तुरंत रोककर बाहर कूद गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क के बीचों-बीच हुए इस ‘अग्नि तांडव’ की वजह से एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कार हुई जलकार खाक
गनीमत रही कि इस हादसे में कार चालक की जान बच गई। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल कर खाक हो चुकी थी।
