Gurmeet singh chandhok

हल्द्वानी से बड़ी खबर सामने आ रही है यहां पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाइडिल विभाग के काठगोदाम स्थित सेकेंडरी वर्क डिविजन कार्यालय में छापेमारी की। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता दीपक बोरा कार्यालय में नशे की हालत में पाए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहायक अभियंता के शराब पीकर दफ्तर आने की शिकायत प्रशासन को मिली थी। शिकायत की पुष्टि के लिए सिटी मजिस्ट्रेट ने टीम के साथ अचानक छापा मारा, जहां दीपक बोरा नशे की हालत में मौजूद मिले।
मौके पर ही सिटी मजिस्ट्रेट ने उन्हें कड़ी फटकार लगाई और तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। इसके बाद दीपक बोरा को मेडिकल परीक्षण के लिए बेस अस्पताल भेजा गया, ताकि उनके नशे में होने की पुष्टि की जा सके।
प्रशासन की इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है। साथ ही अन्य कर्मचारियों को भी सख्त संदेश दिया गया है कि कार्यस्थल पर अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
