
ऊधमसिंह नगर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां नानकमत्ता में एक पुलिस दबिश के दौरान बुजुर्ग महिला की मौत के बाद हड़कंप मच गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने बड़ी कार्रवाई की है।
SSP ने किया 4 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर
जांच की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए 4 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। दरअसल, यह पूरा मामला 28 मार्च का है। कोतवाली नानकमत्ता पुलिस की एक टीम पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में वांछित अभियुक्त कुलदीप सिंह उर्फ़ बंटी की गिरफ्तारी के लिए ग्राम ‘सिद्धा नवदिया’ पहुंची थी।
पुलिस की दबिश में बुजुर्ग महिला की मौत
दबिश के दौरान वहां एक बुजुर्ग महिला पहुंची, जिसकी अचानक तबीयत बिगड़ी और वह जमीन पर गिर गई। आनन-फानन में पुलिस और परिजनों द्वारा महिला को राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की ओर से बुजुर्ग को धक्का-मुक्की में चोट आई। जिस वजह से उनकी मृत्यु हो गई।
मामले की जांच जारी
घटना के बाद इलाके में तनाव और मामले की गंभीरता को देखते हुए ऊधमसिंहनगर एसएसपी ने तुरंत कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए दबिश टीम में शामिल 4 पुलिसकर्मियों को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
