रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
जनपद चम्पावत के विकासखंड बाराकोट में तेंदुए के हमले में गंभीर रूप से घायल हुई श्रीमती तुलसी देवी के उपचार और सहायता के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्यवाही की एक मिसाल पेश की है।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में घायल महिला को न केवल तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई, बल्कि विशेष प्रयासों से लगभग ₹1.50 लाख की लागत से हुआ उपचार भी पूरी तरह निःशुल्क कराया गया।
जानकारी के अनुसार 01 मार्च 2026 को जंगल में घास काटने के दौरान तेंदुए ने श्रीमती तुलसी देवी पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की। वन विभाग द्वारा पीड़िता को तत्काल राहत के रूप में ₹1 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि घायल महिला को उपजिला चिकित्सालय लोहाघाट में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए चंदन हॉस्पिटल हल्द्वानी (जनपद नैनीताल) रेफर किया गया।
उपचार के दौरान महिला के पास आयुष्मान कार्ड उपलब्ध न होने के कारण उत्पन्न हो रही समस्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा त्वरित पहल कर मौके पर ही उनका आयुष्मान कार्ड बनवाया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के विशेष प्रयासों और समन्वय के फलस्वरूप अस्पताल प्रशासन द्वारा प्लास्टिक सर्जरी सहित उपचार में आने वाले लगभग ₹1.50 लाख के खर्च को पूरी तरह मुफ्त कर दिया गया। इससे श्रीमती तुलसी देवी को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध हो सकी।
वर्तमान में श्रीमती तुलसी देवी स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुकी हैं और घर पर तेजी से स्वस्थ हो रही हैं।
जिला प्रशासन की इस त्वरित कार्यवाही के लिए श्रीमती तुलसी देवी व उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान का आभार व्यक्त किया है।
