
Gurmeet singh chandhok
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। बीते मंगलवार को, MDDA ने धौरान रोड पर स्थित अवैध रूप से बने “हेल्पिंग हेल्थ” अस्पताल को सील कर दिया है।
MDDA ने सील किया अवैध रूप से बना “हेल्पिंग हेल्थ” अस्पताल
जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य को कुश एरॉन ने बिना किसी स्वीकृत नक्शे या ज़रूरी परमिट के करवाया था। प्राधिकरण ने पहले संबंधित पक्ष को नियमों के अनुरूप निर्माण कार्य करने के निर्देश दिए थे, हालांकि, संतोषजनक जवाब या वैध दस्तावेज़ जमा न कर पाने के कारण यह कार्रवाई शुरू की गई।सीलिंग की इस कार्रवाई के दौरान, प्रवर्तन टीम जिसमें सहायक अभियंता शैलेन्द्र सिंह रावत, अवर अभियंता एवं सुपरवाइजर सहित प्रवर्तन टीम मौके पर मौजूद रही।
उपाध्यक्ष के निर्देशों के क्रम में MDDA की प्रवर्तन टीम द्वारा पछवादून क्षेत्र के विकासनगर के विभिन्न सेक्टरों में संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान क्षेत्र में हो रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की मौके पर जांच की गई और निर्माणकर्ताओं से मानचित्र स्वीकृति सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल की गई। जिन निर्माणकर्ताओं द्वारा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए या संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, उन्हें चिन्हित करते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की रणनीति तैयार की जा रही है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का बयान
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बिना मानचित्र स्वीकृति या निर्धारित मानकों का पालन किए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण करना पूरी तरह अवैध है और ऐसे मामलों में प्राधिकरण नियमानुसार कठोर कार्रवाई करेगा।
बंशीधर तिवारी ने आम जनता और निर्माणकर्ताओं से अपील की कि किसी भी निर्माण कार्य को शुरू करने से पहले प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। तिवारी ने कहा कि अवैध निर्माण न केवल शहर की नियोजित विकास व्यवस्था को प्रभावित करते हैं, बल्कि भविष्य में जनसुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकते हैं। इसलिए MDDA द्वारा लगातार निगरानी और प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है
