दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
रुद्रपुर। शहर की पॉश कॉलोनी मेट्रोपोलिस में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब दिल्ली नंबर की चार से पांच गाड़ियां एक निजी जिम के बाहर आकर रुकीं। गाड़ियों से उतरी आयकर विभाग की टीम ने एक प्रतिष्ठित स्टील कारोबारी को हिरासत में ले लिया। कार्रवाई इतनी अचानक थी कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।
सूत्रों के अनुसार, टीम कारोबारी को सीधे उसके आवास पर ले गई, जहां घंटों तक दस्तावेजों, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन तलाशी ली गई। अधिकारियों ने वित्तीय लेनदेन से जुड़े अभिलेख खंगाले और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए।इसके बाद आयकर विभाग की टीम सुबह करीब 11 बजे सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक ग्रीन पैनल प्लाईवुड उत्पादक कंपनी पहुंची। यहां प्रबंधन कार्यालय और लेखा-जोखा विभाग को अस्थायी रूप से बंद करवा दिया गया। टीम कंपनी के वित्तीय रिकॉर्ड और कर संबंधी दस्तावेजों की जांच में जुटी हुई है।बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने और आयकर चोरी से संबंधित शिकायतों के आधार पर की गई है। चर्चा है कि विभाग को इस संबंध में ठोस इनपुट मिले थे, जिसके बाद दिल्ली से विशेष टीम भेजी गई आयकर विभाग द्वारा जब्त किए गए दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की फिलहाल गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच के आधार पर आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।इस कार्रवाई से रुद्रपुर के कारोबारी और औद्योगिक जगत में हलचल तेज हो गई है। उद्यमियों के बीच चर्चाओं का दौर जारी है और सभी की नजर अब आयकर विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी है।
