
Gurmeet singh chandhok
नैनीताल- नैनीताल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। जिला जज को एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें कोर्ट परिसर में विस्फोटक लगाए जाने का दावा किया गया था। ई-मेल में दोपहर 12:15 बजे धमाका होने की चेतावनी दी गई थी।तस्वीर में दिख रहे ई-मेल के अनुसार कोर्ट को उड़ाने की धमकी तमिलनाडु में EWS आरक्षण लागू करने का विरोध जताने के नाम पर दी गई है। मैसेज में लिखा है कि “EWS Reservation Implementation in Tamil Nadu by DMK Government” को रोका जाए, वरना दोपहर 12:15 बजे विस्फोट होगा। यानी धमकी देने वाला व्यक्ति/समूह इस नीति का विरोध जताने के लिए डर फैलाने की कोशिश कर रहा है।धमकी मिलने के तुरंत बाद प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट हो गया। एहतियातन पूरे कोर्ट कैंपस को खाली करा लिया गया। न्यायिक कार्यवाही अस्थायी रूप से रोक दी गई और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई।पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान शुरू कर दिया।

कोर्ट परिसर के हर हिस्से की गहन तलाशी ली जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा के मद्देनजर सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।प्राथमिक जांच में सामने आया है कि धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई थी। ई-मेल में आपत्तिजनक और भड़काऊ भाषा का प्रयोग किया गया है। साइबर सेल की टीम ई-मेल के स्रोत और प्रेषक की पहचान करने में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन तलाशी अभियान जारी रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।
