दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
हल्द्वानी में लामाचौड़ के फतेहपुर क्षेत्र में बाघ के हमले से 65 वर्षीय महिला गंगा देवी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण वन विभाग के प्रति आक्रोशित हैं। स्थानीय जानकारी के अनुसार, पीपल पोखरा निवासी गंगा देवी गुरुवार सुबह 11 बजे तीन अन्य महिलाओं के साथ घास काटने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बाघ ने उन पर हमला कर दिया। तीन किलोमीटर अंदर जंगल में महिला का शव मिला।स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी इसी वन क्षेत्र में बाघ और गुलदार के हमलों में सात लोगों की जान जा चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार हो रही इन घटनाओं के बावजूद वन विभाग ने प्रभावी कदम नहीं उठाए। वन्यजीवों की गतिविधियों की जानकारी विभाग को समय-समय पर दी जाती रही, लेकिन प्रभावी गश्त और सुरक्षा प्रबंध नहीं किए गए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कड़े कदम उठाए जाते, तो यह हादसा टाला जा सकता था। अब उन्होंने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में सघन गश्त, पिंजरे लगाने और बाघ को पकड़ने की तत्काल कार्रवाई की मांग की है।प्रशासनिक अधिकारियों ने घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान की मांग की है। यह घटना फतेहपुर और आसपास के ग्रामीणों के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि वन्यजीवों के हमलों से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने की आवश्यकता है।
