दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
एडीबी वित्तपोषित परियोजना के तहत हल्द्वानी में सड़क चौड़ीकरण, ड्रेनेज निर्माण और जंक्शन सुधार कार्य तेज गति से जारी हैं। यूयूएसडीए के प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप सिंह ने बताया कि तीनपानी क्षेत्र में लगभग 200 से 250 मीटर ड्रेनेज का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि सब-बेस का कार्य भी प्रगति पर है। नैनीताल रोड स्थित कालू सिद्ध बाबा मंदिर चौराहे पर ड्रेनेज और जंक्शन ज्योमेट्री सुधार का काम चल रहा है और विभाग का लक्ष्य एक माह के भीतर यहां के ज्योमेट्री इम्प्रूवमेंट कार्य पूरे करने का है। कालाढूंगी रोड पर कटघरिया से कार्य शुरू हो चुका है, जहां ड्रेनेज और रोड सब-बेस का काम गतिमान है। हालांकि कुछ स्थानों पर यूपीसीएल की विद्युत लाइनें बाधा बन रही हैं, जिनकी शिफ्टिंग के लिए एस्टीमेट मांगा गया है और संभावना है कि यह इसी सप्ताह प्राप्त हो जाएगा। इसके साथ ही यूटिलिटी शिफ्टिंग और पेड़ों की कटान की प्रक्रिया भी नियमानुसार आगे बढ़ाई जा रही है।अतिक्रमण चिह्नीकरण को लेकर प्रशासन और संबंधित हितधारकों के साथ बैठक की गई थी, जिसमें स्थानीय लोगों ने न्यूनतम तोड़फोड़ पर सहमति जताई। संयुक्त सत्यापन के बाद प्रभावित लोगों से वार्ता की गई, जिसके परिणामस्वरूप कुछ लोगों ने स्वयं अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है, जबकि शेष स्थानों पर कार्रवाई जारी है। इधर सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि मुखानी चौराहे से कालू सिद्ध बाबा मंदिर तक चिह्नीकरण का कार्य शेष है, जबकि अन्य क्षेत्रों में प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। तीनपानी से कार्य शुरू करने को लेकर स्थानीय लोगों से बैठक में 24 मीटर चौड़ीकरण पर सहमति बनी थी। बावजूद इसके, प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यदि किसी को आपत्ति है तो वह टीम के समक्ष अपनी बात रख सकता है। पुनः पैमाइश के बाद दो-तीन लोगों द्वारा आपत्ति दर्ज कराई गई है, जिन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। प्रशासन के अनुसार तीनपानी से नरीमन, कटघरिया से कालू सिद्ध बाबा मंदिर, शनि बाजार रोड और नरीमन से गोला की ओर तक विभिन्न हिस्सों में निर्माण कार्य प्रगति पर है।
