Gurmeet singh chandhok

हल्द्वानी। नैनीताल जिले में तीन वर्षों में दुष्कर्म के 263 मामले सामने आए हैं। इसमें वर्ष 2025 में 2024 के मुकाबले 32 मामलों में वृद्धि हुई है। हालांकि दुष्कर्म जैसी घटनाएं सिर्फ बालिकाएं व किशोरियों के साथ नहीं बल्कि हल्द्वानी में इस साल बालक के साथ भी देखने को मिली है। बीते माह हल्द्वानी में एक 13 वर्षीय बालक के साथ दुष्कर्म कर श्रमिक फरार हो गया।
जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।नैनीताल जिले में वर्ष 2023 में दुष्कर्म के 81 मामले सामने आए हैं। जबकि वर्ष 2024 में 75 व वर्ष 2025 में 107 मामले देखने को मिले हैं। जबकि वर्ष 2026 जनवरी की बात करें तो अब तक छह मामले दुष्कर्म के देखने को मिले हैं।पुलिस जांच में सामने आया है कि अधिकतर मामलों में युवक-युवतियां एक दूसरे को पहले से जानती थीं।
वहीं महिला किडनैपिंग के मामलों को देखें तो वर्ष 2023 में 23, वर्ष 2024 में 19 व वर्ष 2025 में 23 मामले सामने आए हैं। इसमें बहला फुसलाकर व जबरन अगवा करना देखा गया है। जबकि वर्ष 2026 जनवरी में सिर्फ एक मामला सामने आया है। जबकि दहेज हत्या की बात करें तो वर्ष 2023 में छह, वर्ष 2024 में दो व वर्ष 2025 में एक मामला सामने आया है।
दहेज हत्या मामले में कमी देखने को मिली है।मनोविज्ञानी डा. युवराज पंत कहते हैं कि दुष्कर्म के मामलों में वृद्धि होने की कई वजह हैं। जैसे इंटरनेट में आसानी से लोगों को पोर्नोग्राफी उपलब्ध हो जाती है।
वहीं दूसरी वजह ड्रग एडिक्शन भी है, जिसमें नशे में होने पर व्यक्ति अच्छा या बुरा कुछ नहीं सोच पाता और इस तरह के कृत्य को अंजाम दे देता है। कहीं न कहीं लोगों में व्यक्तित्व विकास की भी कमी होती है। इसके लिए जागरूकता की जरूरत है।
