Gurmeet singh chandhok

– थाना पुलभट्टा क्षेत्र में हुई लूट की घटना का हुआ पर्दाफाश
रुद्रपुर – ऊधम सिंह नगर पुलिस ने पुलभट्टा क्षेत्र में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के पास से अवैध तमंचा और लूट का हिस्सा बरामद हुआ है, जबकि उसके दो साथी अभी फरार बताए जा रहे हैं। घटना 21/22 जनवरी की रात की है जब ग्राम बरा, थाना पुलभट्टा निवासी नरेश कुमार के घर में तीन बदमाश घुस आए थे। आरोपियों ने तमंचे की नोक पर 87 हजार रुपये नकद, जेवरात और दो मोबाइल फोन लूट लिए थे। इसके अलावा उसी रात ग्राम बरी से एक मोटरसाइकिल (HF डिलक्स, नंबर UK06BB-0874) भी चोरी कर ली गई थी।
पीड़ितों की तहरीर के आधार पर थाना पुलभट्टा में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद थानाध्यक्ष पुलभट्टा के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया।
पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। कई राज्यों में तलाश के बाद 29 जनवरी को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बरेली (उत्तर प्रदेश) के अभयपुर तिराहा भोजीपुरा क्षेत्र से इस्लाम पुत्र अहमद हुसैन, निवासी लोहार नगला, थाना फतेहगंज पश्चिमी, जिला बरेली को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से एक अवैध तमंचा, लूट में मिले 25 हजार रुपये नकद और वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने अपने भाई अबरार और दोस्त शकील के साथ मिलकर लूट की साजिश रची थी। तीनों ने मिलकर पहले ग्राम बरा में लूट की और फिर ग्राम बरी से मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो गए। लूट की रकम और सामान आपस में बांट लिया गया था, जिसमें उसके हिस्से के रुपये और मोबाइल अब पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। बाकी नकदी, जेवरात और चोरी की मोटरसाइकिल उसके फरार साथियों के पास बताई जा रही है।
बरामदगी के आधार पर पहले दर्ज मुकदमों में अतिरिक्त धाराएँ बढ़ा दी गई हैं, जिनमें लूट, आपराधिक साजिश और आर्म्स एक्ट की धाराएँ शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों अबरार और शकील की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि जिले में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। लूट जैसी वारदातों में शामिल बदमाशों को हर हाल में पकड़कर कानून के दायरे में लाया जाएगा
