



रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार उपजिलाधिकारी नीतू डागर द्वारा ग्राम मढुवा में पीएमजीएसवाई के अंतर्गत प्रस्तावित गढ़मुक्तेश्वर मोटर मार्ग के निर्माण को लेकर ग्रामवासियों द्वारा व्यक्त की जा रही आपत्तियों के संबंध में एक खुली बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक के दौरान ग्रामवासियों की समस्याओं एवं आपत्तियों को विस्तारपूर्वक सुना गया तथा आपसी संवाद एवं समन्वय के माध्यम से सभी बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई। बैठक में ग्रामवासियों की सर्वसम्मति से समाधान निकालते हुए मोटर मार्ग निर्माण के संबंध में सहमति प्रदान की गई।
उपजिलाधिकारी नीतू डागर ने कहा कि स्थानीय जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आपत्तियों के समाधान के उपरांत प्रस्तावित मोटर मार्ग के लिए 28 जनवरी से सर्वेक्षण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
बैठक के पश्चात ग्रामवासियों द्वारा प्रस्तावित मोटर मार्ग निर्माण में पूर्ण सहयोग का आश्वासन भी दिया गया।
इस दौरान ईई पीएमजीएसवाई त्रिभुवन बिष्ट, एसएसबी, वन विभाग के अधिकारी व ग्रामीण उपस्थित रहे।
