hayatram arya

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार जनपद चम्पावत में सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत 16 जनवरी से 14 फरवरी तक विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में परिवहन विभाग द्वारा एमडीएम एजुकेशनल एकेडमी में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में एआरटीओ प्रशासन सुरेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को निर्देशात्मक, चेतावनी एवं सूचनात्मक यातायात संकेतकों, सड़क सुरक्षा नियमों तथा सड़क पर बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन की सुरक्षा का संकल्प है। उन्होंने सभी से यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सतर्क व्यवहार विकसित करना है। इस दौरान छात्रों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग, तेज गति से वाहन न चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने और सड़क पर सुरक्षित आचरण अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जनपद में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, प्रवर्तन अभियान एवं शैक्षिक गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य नागरिकों में जिम्मेदार सड़क व्यवहार को बढ़ावा देना है। जिला प्रशासन सभी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, परिवहन विभाग एवं समाज के विभिन्न वर्गों के सहयोग से सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों को गुड सेमेरिटन (Good Samaritan) योजना के प्रति भी जागरूक करते हुए बताया कि किसी सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने वाले नागरिक को पूर्ण कानूनी संरक्षण प्राप्त है। ऐसे व्यक्तियों को किसी भी प्रकार की कानूनी या पुलिस कार्रवाई से डरने की आवश्यकता नहीं होती। समय पर घायल को अस्पताल पहुँचाकर अनेक जीवन बचाए जा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि दुर्घटना की स्थिति में मानवता का परिचय देते हुए आगे आएँ, बिना किसी भय के पीड़ित की सहायता करें और गुड सेमेरिटन योजना का लाभ उठाएँ।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान परिवहन उपनिरीक्षक आनंद सिंह बिष्ट, परिवहन सहायक निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद, प्रधानाचार्य सुनीता चंद सहित अन्य कार्मिक विद्यालय स्टाफ व छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।
