Gurmeet singh chandhok

धामी कैबिनेट में गुरुवार को उपनल कर्मचारियों के लिए ऐतिहासिक फैसला लिया गया है। जिसके बाद उपनल कर्मचारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। उपनलकर्मियों ने समान काम के लिए समान वेतन के संबंध में कैबिनेट द्वारा लिए गए फैसले के लिए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
उपनल कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने की सीएम धामी से मुलाकात
उपनल कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री धामी से कहा कि यह निर्णय लंबे समय से चली आ रही उनकी मांगों को पूरा करने के साथ-साथ उनके सम्मान और आर्थिक सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस फैसले से प्रदेश के हजारों उपनल कर्मचारियों में उत्साह एवं विश्वास का वातावरण बना है।
उपनलकर्मियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है सरकार: CM
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार उपनलकर्मियों के हितों की रक्षा, उनके सम्मान और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उपनल कर्मचारी राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके योगदान को सरकार पूरी गंभीरता से मान्यता देती है।
कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े मुद्दों पर हो रहा काम: CM
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े सभी मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।उपनल कर्मचारियों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि वे सरकार की नीतियों और निर्णयों के अनुरूप पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे
